हैदराबाद। तेलंगाना में एक किसान को टमाटरों ने मालामाल कर दिया। मेडक जिले के कौडिपल्ली गांव का किसान बी महिपाल रेड्डी टमाटर बेचकर करोड़पति बन गए। उन्होंने टमाटर बेचकर 1 महीने में 1 करोड़ 8 लाख रुपए कमा लिए। माहिपाल के पास 8 एकड़ जमीन है, जिस पर उन्होंने टमाटर की फसल लगाई थी।

• 1 महीने में बेची 8 हजार क्रेट

बी महिपाल रेड्डी ने 1 महीने में टमाटर की लगभग 8 हजार क्रेट बेची हैं। महिपाल का दावा है कि सीजन खत्म होने तक वे 2 करोड़ 5 लाख के टमाटर बेच लेंगे।

• 10वीं फेल होने के बाद महिपाल ने शुरू की खेती

बी महिपाल रेड्डी का बचपन में पढ़ाई-लिखाई में ज्यादा मन नहीं लगता था। वे 10वीं में फेल हो गए थे। इसके बाद उन्होंने पढ़ाई-लिखाई छोड़कर खेती की ओर रुख किया।

• धान की खेती में नहीं हुआ फायदा

महिपाल बताते हैं कि उन्हें धान की खेती में फायदा नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने 15 अप्रैल को ही टमाटर की फसल लगाई थी। उन्होंने 8 एकड़ में टमाटर लगाए थे। 15 जून को फसल पकने के बाद वे टमाटरों को बाजार में ले आए थे। महिपाल ने टमाटर की खेती में 16 लाख रुपए लगाए थे। खेत में अभी करीब 40 फीसदी फसल बची है।

• 100 रुपए प्रति किलो के भाव से बेचे टमाटर

बी महिपाल रेड्डी ने हैदराबाद के बाजार में टमाटर बेचकर मुनाफा कमाया। आंध्र प्रदेश से हैदराबाद में टमाटर की सप्लाई कम है। महिपाल ने बाजार में टमाटर भेजना शुरू कर दिया। उन्होंने 100 रुपए प्रति किलो के हिसाब से टमाटर बेचे और 15 दिन में करीब सवा करोड़ रुपए कमा लिए।

• चंडीगढ़ में 350 रुपए किलो तक बिके टमाटर

चंडीगढ़ के फुटकर बाजार में टमाटर के भाव 350 रुपए किलो तक पहुंच गए। फिलहाल में 200 रुपए प्रति किलो के ऊपर दाम है। वहीं गाजियाबाद में टमाटर के दाम 200 रुपए प्रति किलो पहुंच गए हैं। देश में ज्यादातर शहरों में टमाटर 100 रुपए प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा है।