बता दें, 30 जून को जिले के नरवर थाना क्षेत्र के वरखाड़ी गांव में लड़कियों से छेड़छाड़ और चोरी के शक में आरोपियों ने दो युवकों से मारपीट की थी। उनके गले में जूते-चप्पलों की माला डाली। मुंह काला करके गंदगी भर दी और कपड़ों पर भी लगा दी थी। इसके बाद जुलूस निकालकर पुलिस के सुपुर्द किया था।
मगरौनी चौकी प्रभारी दीपक शर्मा ने बताया कि पीड़ित युवकों की शिकायत पर अजमत खान, वकील खान, आरिफ खान, शाहिद खान, इस्लाम खान, रहीशा बानो और साइना बानो के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक आरोपी वकील खान को छोड़कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वकील खान की तलाश की जा रही है।
• पीड़ित के भाई ने एसपी से की थी शिकायत
पीड़ित के भाई ने 3 जुलाई को एसपी से शिकायत की थी। आरोपियों के मकान तोड़ने और वन भूमि को मुक्त कराने की मांग की थी। पीड़ित के भाई ने बताया कि आरोपी वन भूमि पर अतिक्रमण किए हुए हैं। इसी भूमि के करीब से हमारा रास्ता गुजरता है। आरोपी इस रास्ते को वह बंद कराना चाहते हैं। इसके लिए यह लोग इस प्रकार के षड्यंत्र रच देते हैं। पहले भी आरोपी जमीन की बाउंड्री पर करंट डालकर कई जानवरों जान ले चुके हैं। इधर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने बुधवार को भोपाल में इस मुद्दे पर बयान दिया था। इसके बाद विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता वरखाड़ी गांव पहुंचकर पीड़ितों से मिले थे।
• अफसर बोले- वन भूमि पर अतिक्रमण था, वही हटाया
वन विभाग के एसडीओ एलविन वर्मन ने बताया कि तीन लोगों ने लगभग तीन हेक्टेयर वन भूमि पर अतिक्रमण किया हुआ था। इसके विरुद्ध 19 सितंबर 2022 को केस दर्ज किया गया है। वन मंडलाधिकारी ने बेदखली का आदेश दिया था। उनसे कहा था कि स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लें, लेकिन इन लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया। इसके बाद वन विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर अतिक्रमण हटा दिया।
• ग्रामीण बोले- मनचले लड़कियों से छेड़छाड़ करते हैं
जानकारी के अनुसार दोनों युवक लड़कियों की छेड़खानी करते हुए उनके वीडियो बनाने का काम करते थे। लोगों को उन पर चोरी करने का भी शक था। कुछ दिन पहले दोनों मनचले गांव की किसी युवती का वीडियो चोरी छुपे बनाने का प्रयास कर रहे थे। उनकी करतूत गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज देख ग्रामीण भड़क गए थे। 30 जून को भी मनचलों ने एक लड़की से छेड़छाड़ कर दी। लड़की का हाथ पकड़ लिया, जिससे उसकी चूड़ी टूटकर हाथ में चुभ गई। लड़की ने शोर मचाया तो ग्रामीणों ने दोनों मनचलों को पकड़ लिया।
