करैरा, शिवपुरी। नगर परिषद करैरा के वार्ड-7 में ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण का कार्य कराया जा रहा है, वार्डवासी संजीव झा (बाबू) का आरोप है कि ठेकेदार सड़क निर्माण मानक के विपरीत कर रहा है और जितना सड़क का टेंडर है उससे कम मोटाई का कंक्रीट डाला जा रहा है, उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत करने पर भी नगर परिषद के अधिकारी कर्मचारियों ने ठेकेदार का काम बंद नही कराया न ही कोई जांच की जिससे नाराज वार्डवासियों द्वारा सड़क निर्माण का विरोध किया जा रहा है।
नगर परिषद करैरा के वार्ड नंबर 7 डेनिडा कालोनी में उक्त सड़क आजतक नही डली थी, जिससे बारिश में सड़क पर पानी भर जाता था, समस्याओं को लेकर वार्डवासियों ने नगर परिषद उपाध्यक्ष को अवगत कराया था इसके बाद नगर परिषद से इसका टेंडर किया गया और सीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है जो कि ठेकेदार की मनमानी के चलते अमानक किया जा रहा है। उक्त सड़क पर 8 इंच सीसी डालना है लेकिन ठेकेदार 3 इंच के करीब सीसी रोड डाल रहे है। जिसके चलते उक्त सड़क जल्द ही टूटने का अंदेशा है इनकी मनमानी के चलते वार्डवासियों में आक्रोश व्याप्त है।
इस मामले में वार्ड 7 से पार्षद एवं नगर परिषद उपाध्यक्ष राजीव सिकरवार ने बताया कि जितना टेंडर है उतना ही ठेकेदार द्वारा निर्माण कराया जा रहा है, उन्होंने कहा कि सीसी कुछ स्थानों पर गहराई होने के कारण अधिक डाल दी गई है, जिससे एवरेज के हिसाब से यहां पर कम डाली जा रही है।
