कोलारस। में करीब 12 किसानों की सोयाबीन की फसल कीटनाशक दवा डालने के बाद खराब हो गई। उनका आरोप है कि दुकानदार ने उन्हें नकली दवा दी। इससे उनकी फसल खराब हो गई। मामला कोलारस के पिपरौदा जागीर का है। ग्रामीणों ने शुक्रवार शाम कोलारस एसडीएम से इसकी शिकायत की है।
शिकायत लेकर पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि हमने इस साल सोयाबीन की फसल बोई थी। हमने कोलारस के डी.के.ब्रदर्स से चारा मार दवाई खरीदी थी। उस दवा को हमने अपनी सोयाबीन की फसल में डाला था, लेकिन दवा के डालने के कुछ दिनों के बाद हमारी लगभग 250 बीघा की सोयाबीन की फसल जल गई, जबकि खेत में चारा जस की तस है। जब सभी किसानों ने दुकान के संचालक से बिल की मांग की तो उसने हमें बिल नहीं दिया और अभद्र व्यवहार किया।
पिपरौदा जागीर के किसानों ने किसान मोर्चा के जिला आध्यक्ष गुरप्रीत चीमा के साथ एसडीएम मोतीलाल अहिरवार को लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई। कोलारस एसडीएम मोतीलाल अहिरवार ने किसानों उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया है।