दतिया। कोतवाली पुलिस ने झांसी जिले के मोठ कस्बे में लूटा गया सोना खरीदने के मामले में दुकानदार को पकड़ने दबिश दी। पुलिस ने आरोपी दुकानदार को पकड़ भी लिया लेकिन तभी दूसरे व्यापारी आ गए और हंगामा करते हुए पुलिस को घेरकर जबरन आरोपी दुकानदार व उसके बेटे को छुड़ा ले गए। आरोपी दुकानदार और उसके बेटे ने अपने नौकर के माध्यम से दतिया में लूट करने वाले आरोपी से सोना खरीदा था। पहले तो दुकानदार सोना खरीदना स्वीकार ही नहीं कर रहा था लेकिन जब सीसीटीवी फुटेज दिखाए तो भाग निकला। कोतवाली पुलिस ने मामले में दुकानदार, उसके बेटे, नौकरों को आरोपी बनाया है।

बता दें कि चार मई को रात 9 बजे मुकेश सोनी व उसके बेटे वैभव को गोली मारकर सोने से भरा थैला लूट लिया गया था। इस मामले में आईजी चंबल ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर 30-30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पिछले डेढ़ महीने में चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया और उनसे लूटा गया माल भी बरामद कर लिया गया। जबकि लूटकांड का मुख्य आरोपी भूला कुशवाहा फरार चल रहा था।

कोतवाली टीआई विजय सिंह तोमर ने बताया कि एसपी प्रदीप शर्मा के निर्देश पर मंगलवार को सूचना मिलने पर पुलिस टीम को झांसी भेजा और वहां से 30 हजार के इनामी मुख्य आरोपी भोला कुशवाहा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी भोला से लूटा गया कुछ सोना भी बरामद किया। जबकि शेष सोना के बारे में भोला ने बताया कि उसने झांसी जिले के मोंठ कस्बे में रामजी सोनी व उसके लड़के श्यामजी सोनी को बेचा।

मुख्य आरोपी भोला की निशानदेही पर मंगलवार को दोपहर में कोतवाली पुलिस की एक टीम मोंठ में पहुंची और जैसे ही लूट का माल खरीदने वाले रामजी व उसके बेटे श्यामजी को गिरफ्तार किया तो उसने हंगामा कर दिया। हंगामा सुनकर वहां के स्थानीय यूनियन के व्यापारी एकत्रित हो गए और पुलिस वाहन को घेरकर हंगामा कर दिया। यही नहीं जबरन आरोपी दुकानदारों को छुड़ाकर भगा दिया। दतिया एसपी ने झांसी के एसपी से बात की। इसके बाद मोंठ पुलिस पहुंची और विरोध करने वाले व्यापारियों को मोंठ थाने बुलाया।

टीआई तोमर के मुताबिक आरोपी सराफा दुकानदार रामजी के यहां उसका नौकर कमल लोधी काम करता है। आरोपी भोला की जेल में पथरेड़ी निवासी लखन पाल से दोस्ती थी। जबकि लखन पाल और कमल आपस में दोस्त हैं। लूट की बारदात करने के बाद भोला लखन और कमल के पास पहुंचा। लखन और कमल के माध्यम से दुकानदार रामजी को सोना बेचा। जिसका सीसीटीवी फुटेज पुलिस के पास था। मंगलवार को जब व्यापारियों ने आरोपी दुकानदार को पकड़ने का विरोध किया तो पुलिस ने दुकानदार और आरोपी कमल, लखन बगैरह के बीच लेनदेन का वही फुटेज दिखा दिया।

जिससे विरोध करने वाले सभी व्यापारी बेकफुट पर आ गए और बाद में पुलिस से सांठगांठ तक की बातें करने लगे। पुलिस ने मामले में लूटा गया सोना खरीदने पर मोंठ निवासी रामजी, उसके बेटे श्यामजी, नौकर कमल, कमल के दोस्त लखन को धारा 411 में आरोपी बनाया है।

इनका कहना है

व्यापारियों के हंगामे की सूचना झांसी एसपी को दी दतिया पुलिस मोंठ में लूट का माल खरीदने वाले व्यापारी को पकड़ने गई थी तभी वहां के व्यापारियों ने हंगामा कर दिया। मैने झांसी एसपी से बात की तब वहां की पुलिस आई और उन्हें फुटेज बगैरह दिखाए। हमने लूट का माल खरीदने वाले दुकानदार को आरोपी बनाया है। 

प्रदीप शर्मा, एसपी, दतिया